
मुंबई से सटे मुंब्रा इलाके में एक दिल दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को हरे रंग के ड्रम में भरकर सुनसान नाले में फेंक दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात को लोग अब ‘नीला ड्रम कांड’ के नाम से जोड़कर देख रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, मुंब्रा निवासी अरबाज मकसूद अली खान घर से दादर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने अरबाज की मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल खंगाली। इससे पता चला कि उसकी आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में थी। वहीं उसकी प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी उसी जगह मिली। शक के आधार पर पुलिस ने मेहजबीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पहले तो महिला पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, मेहजबीन ने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज को पैसों के बहाने बुलाया था। वहां आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और प्लास्टिक पाइप से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक बड़े हरे ड्रम में बंद किया और पहचान छिपाने के लिए उसे मुंब्रा के एक नाले में फेंक दिया। पुलिस ने बाद में नाले से शव बरामद कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं महिला का पति हसन और एक अन्य आरोपी मुजम्मल पठान अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
