कोलकाता। अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी 14 साल बाद भारत पहुंचे, लेकिन उनका यह दौरा विवादों में घिर गया। मेसी, उरुग्वे के स्टार खिलाड़ी लुईस सुआरेज और अर्जेंटीना के मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल के साथ कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे थे।
हालांकि, तीनों खिलाड़ी स्टेडियम में सिर्फ 10 मिनट ही रुके, जिससे हजारों प्रशंसकों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
मेसी की झलक के लिए घंटों इंतजार, लेकिन मिली निराशा
स्टेडियम में मौजूद फैंस ने बताया कि वे लियोनेल मेसी की एक झलक पाने के लिए घंटों से इंतजार कर रहे थे। लेकिन मेसी का स्टेडियम में बेहद कम समय रुकना उनके लिए निराशाजनक साबित हुआ। जैसे ही यह खबर फैली कि मेसी स्टेडियम छोड़ चुके हैं, माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्टेडियम में बदइंतजामी से भड़का गुस्सा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टेडियम के अंदर एंट्री, बैठने की व्यवस्था और विजिबिलिटी को लेकर भारी अव्यवस्था थी। कई दर्शकों को सही सीट नहीं मिली, तो कई फैंस मैदान ठीक से देख ही नहीं पाए।
इसी गुस्से में कुछ नाराज प्रशंसकों ने पोस्टर होर्डिंग्स तोड़ दिए और स्टैंड से बोतलें व कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं।
हालात बिगड़े, बढ़ाई गई सुरक्षा
स्थिति को काबू में करने के लिए स्टेडियम में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया। हालात बिगड़ते देख लियोनल मेसी, लुईस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल ने कार्यक्रम खत्म होने से पहले ही स्टेडियम छोड़ दिया।
सोशल मीडिया पर भी दिखा फैंस का गुस्सा
घटना के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने आयोजकों की जमकर आलोचना की। कई लोगों ने कहा कि मेसी जैसे महान खिलाड़ी के स्वागत में की गई बदइंतजामी से भारत की छवि को नुकसान पहुंचा है।
ऐसा है लियोनेल मेसी का भारत दौरे का पूरा कार्यक्रम
लियोनेल मेसी का भारत दौरा काफी व्यस्त रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, मेसी 15 दिसंबर तक तीन दिनों में चार शहरों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कोलकाता के अलावा हैदराबाद, मुंबई और नई दिल्ली भी जाएंगे।
भारत में उनके इस दौरे को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
कोलकाता में कार्यक्रम के दौरान मेसी ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान से मुलाकात की और यहां उनकी 70 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। इसके अलावा उनकी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली से मुलाकात की भी योजना है।
मुंबई और दिल्ली में भी होंगे हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम
मेसी का अगला पड़ाव मुंबई होगा, जहां वे महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही मेसी भारत दौरे के दौरान एक फ्रेंडली फुटबॉल मैच खेलते हुए भी नजर आ सकते हैं, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में काफी उत्साह है।
स्टेडियम विवाद पर ममता बनर्जी ने मांगी माफी
कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई बदइंतजामी पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि स्टेडियम में हुई अव्यवस्था से वे बेहद परेशान और हैरान हैं।
उन्होंने इस घटना के लिए लियोनेल मेसी और सभी खेल प्रशंसकों से दिल से माफी मांगते हुए कहा कि मामले की जांच के लिए जस्टिस (रिटायर्ड) आशिम कुमार रे की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की जा रही है। इस समिति में मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव को भी शामिल किया गया है, जो पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच करेगी।
भाजपा ने TMC सरकार पर साधा निशाना
इस मामले को लेकर भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह घटना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए शर्मिंदगी वाली है।
उन्होंने सवाल उठाया कि मेसी जैसे ग्लोबल सुपरस्टार के कार्यक्रम में भारी भीड़ तय होने के बावजूद कोई ठोस योजना और पर्याप्त सुरक्षा क्यों नहीं थी। उन्होंने कहा कि हालात इतने बिगड़ गए कि मेसी को कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर जाना पड़ा, जो बेहद चिंताजनक है।
