

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर परिवार में आक्रोश है और निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
मृतका की पहचान कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के कुनिया गांव निवासी मिनी यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
कार की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप
परिजनों के मुताबिक, मिनी यादव की शादी करीब चार साल पहले अनुज यादव से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले दहेज में कार की मांग करने लगे थे। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। अब परिवार का कहना है कि इसी प्रताड़ना ने उनकी बेटी की जान ले ली।
पोस्टमार्टम को लेकर भी जताई आपत्ति
घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष अस्पताल पहुंचा और मैनपाट में पोस्टमार्टम कराने का विरोध किया। परिजनों ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





