
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में निष्कासित नेताओं की वापसी को लेकर पार्टी के भीतर मंथन तेज हो गया है। राजीव भवन में हुई अनुशासन समिति की बैठक में ऐसे नेताओं के मामलों पर चर्चा की गई, जिन्होंने पार्टी में दोबारा शामिल होने के लिए आवेदन किया है। कुल 36 आवेदन समिति के सामने रखे गए।
बैठक में कुछ नेताओं का निष्कासन खत्म करने पर सहमति बनी है। वहीं, कुछ मामलों में अभी निर्णय नहीं हो सका है। संबंधित प्रकरणों पर आगे जिला कांग्रेस कमेटियों से भी राय ली जाएगी।
अमित जोगी का मामला भी इसी बैठक में उठा। उनकी कांग्रेस में वापसी को लेकर फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है। समिति अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने कहा कि अमित जोगी का प्रकरण विचारणीय है। इस पर चर्चा हुई है, लेकिन मामले को अभी लंबित रखा गया है।
बैठक में AICC के तीनों सह-प्रभारी के. एस. ए. संपत कुमार, जरिता लैतफलांग और विजय जांगिड़ भी शामिल हुए।
पार्टी विरोधी बयान पर कार्रवाई के संकेत
बैठक में कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर भी अपना रुख स्पष्ट किया। पार्टी के खिलाफ बयान देने या ऐसी किसी गतिविधि में शामिल होने वाले नेताओं पर कार्रवाई की जाएगी। मीडिया के माध्यम से की गई पार्टी विरोधी बयानबाजी को भी अनुशासनहीनता माना जाएगा।
लंबित मामलों को जल्द निपटाने के लिए अनुशासन समिति की अगली बैठक दो महीने के भीतर आयोजित की जाएगी। इसमें बचे हुए प्रकरणों पर फिर से चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।
