
रियलिटी शो ‘Lock Upp 2’ का फिनाले नजदीक है, लेकिन इस बीच शो एक अलग वजह से चर्चा में आ गया है। यूट्यूबर आरुष भोला के एक व्लॉग ने सोशल मीडिया पर शो के स्क्रिप्टेड होने को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
आरुष हाल ही में अपने दोस्त वरुण यादव उर्फ लैला से मिलने और उनका समर्थन करने शो के सेट पर पहुंचे थे। उन्होंने उसी दिन का एक बिहाइंड-द-सीन्स व्लॉग शेयर किया। वीडियो में एक क्रू मेंबर के हाथ में कागजों का बंडल देखकर आरुष मजाक में कहते हैं, “अब तो मुझे पूरे 6 दिन की स्क्रिप्ट पता चल गई है।” यह सुनते ही आसपास मौजूद लोग हंसने लगते हैं।
इसके बाद आरुष के दोस्त उन्हें याद दिलाते हैं कि यह व्लॉग अभी अपलोड नहीं किया जा सकता। तभी क्रू मेंबर भी हंसते हुए कहता है, “बाहर जाकर किसी को मत बताना।” जवाब में आरुष कहते हैं, “बस आपके, मेरे और यूट्यूब के बीच रहेगा।” वीडियो में पूरी बातचीत मजाकिया माहौल में होती है और कहीं भी शो के स्क्रिप्टेड होने का वास्तविक दावा नहीं किया गया।
व्लॉग में आरुष ने अपने दोस्त लैला के गेम की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि लैला पूरे सीजन में अच्छा खेल रहे हैं और इसी वजह से वह उन्हें सपोर्ट करने शो में पहुंचे थे। वहीं लैला ने भी कहा कि सच्चे दोस्त मुश्किल वक्त में साथ खड़े रहते हैं।
दूसरी ओर, शो में हाल ही में आकांक्षा चौधरी और पामेला सेरेना एलिमिनेट हो चुकी हैं। दोनों के बाहर होने के बाद फिनाले की रेस और दिलचस्प हो गई है। इसी बीच आरुष का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
