
ग्लासगो: स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल टैली में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। खेलों की संख्या कम होने के बावजूद भारत ने कई खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया और कुल 39 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। दूसरी ओर, पाकिस्तान पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक पदक ही जीत सका।
भारत ने अब तक 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज सहित कुल 39 मेडल अपने नाम किए हैं। बॉक्सिंग में भारत ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 गोल्ड और 3 सिल्वर जीते। जूडो में पहली बार पुरुष और महिला दोनों वर्गों में गोल्ड मिला, जबकि जैवलिन में नीरज चोपड़ा और यश वीर सिंह ने पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। वहीं धावक गुलवीर सिंह एक ही कॉमनवेल्थ गेम्स में दो अलग-अलग इवेंट में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने।
दूसरी ओर, पाकिस्तान का प्रदर्शन उम्मीदों से काफी कमजोर रहा। 21 खिलाड़ियों का दल भेजने के बावजूद उसे सिर्फ एक ब्रॉन्ज मेडल मिला, जिसे महिला मुक्केबाज फातिमा जाहरा ने 60 किग्रा वर्ग में जीता। पाकिस्तान के स्टार जैवलिन थ्रोअर अरशद नदीम भी फाइनल राउंड में जगह नहीं बना सके। मेडल टैली में पाकिस्तान संयुक्त रूप से 34वें स्थान पर रहा।
