कोरिया। जिले के चरचा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अचानक हिंसा भड़क उठी। बाजार पारा इलाके में पुरानी रंजिश ने ऐसा रूप लिया कि देखते ही देखते धारदार हथियार और ईंट-पत्थर चलने लगे।
रात करीब 10 बजे हुए इस विवाद में 5 ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात आमना-सामना होते ही मामला बेकाबू हो गया और हमला शुरू हो गया।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत चरचा के रीजनल अस्पताल और जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और हर एंगल से जांच की जा रही है।
