कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां नशे में धुत्त एक युवक ने दो युवकों को बीच सड़क पर करीब आधे घंटे तक दौड़ाकर बेल्ट से बेरहमी से पीटा। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे और मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार, यह मामला 2 अक्टूबर का है और घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खरमोरा अटल आवास में हुई। पिटाई के दौरान दोनों पीड़ित युवक हाथ जोड़कर आरोपी से छोड़ने की गुहार लगाते रहे, लेकिन नशे में चूर युवक लगातार उन्हें बेल्ट से मारता रहा।
जानकारी के मुताबिक, हमला करने वाला युवक खरमोरा का रहने वाला है, जबकि पिटाई खाने वाले युवक मुड़ापार गांव के बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अटल आवास क्षेत्र में नशेड़ियों का आतंक बढ़ता जा रहा है और आए दिन मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद पुलिस अब तक ठोस कदम नहीं उठा रही है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
मामले पर कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी और पीड़ित युवकों की पहचान की जा रही है। जैसे ही पीड़ित की ओर से औपचारिक शिकायत मिलेगी, आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
