कोंडागांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आपसी विवाद ने एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया—पति ने कथित तौर पर पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। इस दर्दनाक घटना में दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।
पुलिस के अनुसार मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कोकोडी गांव का है। धनेश्वर और उसकी पत्नी सुखबती नेताम किसी काम से बनियागांव गए थे। गुरुवार रात लौटते समय बल्लारी नाला के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में धनेश्वर ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद उसने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
