

जांजगीर-चांपा। जिले के एक सरकारी स्कूल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग को बड़ी कार्रवाई करनी पड़ी। नवागढ़ ब्लॉक के खैरवार पारा प्राथमिक स्कूल से जुड़े इस वीडियो में एक शिक्षक और शिक्षिका कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दिए थे।
वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने मामले की जांच के आदेश दिए। जांच टीम ने वायरल वीडियो की पड़ताल की, जिसमें मामला सही पाया गया। इसके बाद दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें उनके स्कूल से हटाकर अलग-अलग बीईओ कार्यालयों में अटैच कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में लोगों के बीच चर्चा का माहौल है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल बच्चों के सीखने और संस्कार पाने की जगह है। ऐसे मामलों से शिक्षा व्यवस्था की छवि को नुकसान पहुंचता है।
डीईओ अशोक सिन्हा ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की गई है। शिक्षक को नवागढ़ बीईओ कार्यालय और शिक्षिका को अकलतरा बीईओ कार्यालय में अटैच कर दिया गया है।






