
जांजगीर-चांपा। जिला जेल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बंदी का शव जेल के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह सफाई के दौरान जेल कर्मियों ने बाथरूम में बंदी का शव देखा। इसके बाद तत्काल अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
मृतक की पहचान दुवास राम के रूप में हुई है, जो कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के जवाली गांव का निवासी था। उसे नाबालिग से जुड़े दुष्कर्म, अपहरण और अनाचार के मामले में गिरफ्तार कर एक दिन पहले ही जेल भेजा गया था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंदी ने अपने कपड़ों से फंदा बनाकर बाथरूम की खिड़की में लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
फिलहाल कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और साइबर सेल मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। वहीं, जेल के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
