
धमतरी। जिले के गंगरेल बांध में एक महिला द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। महिला अपनी डेढ़ साल की बेटी को किनारे छोड़कर पानी में उतर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता से उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान सतवंतीन निर्मलकर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पूरी गांव की रहने वाली है और पिछले कुछ महीनों से नगरी के छिपलीपारा स्थित अपने मायके में रह रही थी। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे लगातार प्रताड़ित करता था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी।
बताया जा रहा है कि इसी परेशानी के चलते महिला अपनी डेढ़ साल की बच्ची को लेकर गंगरेल बांध पहुंची। वहां उसने बच्ची को किनारे छोड़ दिया और पानी में छलांग लगा दी। घटना को देख मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव करते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल महिला और उसकी बच्ची दोनों सुरक्षित हैं। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
