छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस की छवि पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक बदमाश के साथ जन्मदिन मनाते नजर आ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, छावनी थाना में तैनात आरक्षक नितिन सिंह राजपूत वीडियो में जिलाबदर बदमाश शेख अब्बास खान के साथ केक काटते दिख रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले ड्रग्स समेत कई मामलों में जेल जा चुका है।
वीडियो सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीर मानते हुए अधिकारियों ने तुरंत जांच शुरू की।
डीआईजी विजय अग्रवाल ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। आदेश में कहा गया है कि अपराधियों के साथ मेलजोल पुलिसकर्मी के आचरण पर सवाल उठाता है और विभाग की छवि खराब करता है।
फिलहाल, आरक्षक को रक्षित केंद्र दुर्ग से अटैच कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस विभाग ने साफ संकेत दिया है कि किसी भी पुलिसकर्मी का आपराधिक तत्वों से संबंध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
