

हरियाणा के गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी 25 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर श्रेष्ठ मलिक पर अपनी गर्लफ्रेंड इशाका की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है। इसके बाद युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस का मानना है कि उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस सेक्टर-55 स्थित किराए के कमरे में पहुंची, जहां युवती का खून से लथपथ शव मिला। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव की पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि दोनों एक-दूसरे को जानते थे और युवती तीन दिन पहले ही उसके साथ रहने आई थी।
मृतका इशाका उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली थी। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके।
वहीं, श्रेष्ठ के पिता ने दावा किया कि उनका बेटा किसी की हत्या नहीं कर सकता। उन्होंने बताया कि घटना से एक दिन पहले श्रेष्ठ ने अपने भाई को फोन कर कहा था कि एक लड़की उसे धमकी देकर गई है। पिता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।





