राजधानी में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। देर रात एक बार फिर चाकूबाजी और लूट की वारदात सामने आई, जहां कैटरिंग का काम कर घर लौट रहे एक युवक को बदमाशों ने निशाना बना लिया।
घटना शंकर नगर-कचना-मंदिर हसौद मार्ग की है, जहां बदमाशों ने युवक को पता पूछने के बहाने रोका। जैसे ही युवक ने बाइक रोकी, लुटेरों ने उसकी गाड़ी की चाबी निकाल ली और लूटपाट शुरू कर दी।
पीड़ित बाल करण वर्मा, जो कैटरिंग में खाना बनाने का काम करते हैं, ने जब विरोध किया तो बदमाशों ने बेरहमी से उस पर चाकू से हमला कर दिया। युवक के जांघ, घुटने, हाथ और पैर में कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
लुटेरे उसका पर्स और बाइक की चाबी लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को सड़क पर पड़े देखा और तुरंत मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि तीन अज्ञात बाइक सवार इस वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। वहीं, खम्हारडीह पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
