कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने ही प्रेमी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। घटना दक्षिण बेंगलुरु के अंजनापुरा इलाके में मंगलवार दोपहर की है।
मृतक युवक की पहचान किरण (27) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी महिला प्रेरणा (27) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
ऐसे रची खौफनाक साजिश
पुलिस के मुताबिक, दोनों एक ही टेलीकॉम स्टोर में काम करते थे और करीब 2 साल से रिश्ते में थे। लेकिन कुछ समय पहले दोनों के बीच विवाद हुआ और रिश्ता टूट गया। बताया जा रहा है कि किरण ने शादी का प्रस्ताव भी ठुकरा दिया था, जिससे प्रेरणा नाराज थी।
‘सरप्राइज’ के नाम पर बांधा
घटना वाले दिन प्रेरणा ने किरण को घर बुलाया। उसने ‘सरप्राइज प्रपोजल’ का झांसा देकर पहले उसकी आंखों पर पट्टी बांधी और फिर हाथ-पैर बांधकर कुर्सी पर बैठा दिया।
जिंदा जलाया, वीडियो भी बनाया
आरोप है कि इसके बाद उसने किरण पर केरोसीन डालकर आग लगा दी। इतना ही नहीं, उसने इस पूरी घटना का वीडियो भी अपने फोन में रिकॉर्ड किया।
पड़ोसियों ने खोला राज
घर से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाई और आरोपी महिला को वहीं पाया। उसके बाल हल्के जले हुए थे।
शुरुआत में उसने इसे आत्महत्या बताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को शक हुआ। सख्ती से पूछताछ के बाद मामला हत्या का निकला और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है।
