
रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के बड़े नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को पुलिस ने सटोरिया बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के घर छापा मारा, जिसमें करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ।
गंज थाना और क्राइम ब्रांच की करीब 10 टीमों ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव के मकान में सर्च वारंट के साथ दबिश दी। घर पर बाबू और उसके भाई करण की पत्नियां और मां मौजूद मिलीं।
जांच के दौरान पुलिस को 5 महंगी कारें मिलीं, जिनमें BMW और क्रेटा जैसे ब्रांड शामिल हैं। इसके अलावा रविभवन में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा मेन रोड पर करीब 1 एकड़ जमीन की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, बाबू और करण ऑनलाइन सट्टा चलाने के लिए 50 से ज्यादा फर्जी आईडी इस्तेमाल करते थे। इसके साथ ही कई बैंक खातों के जरिए लेन-देन किया जा रहा था। अब पुलिस परिवार के बैंक ट्रांजेक्शन की भी जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि बाबू पहले महादेव बुक ऐप से जुड़ा था, बाद में उसने खुद का सट्टा नेटवर्क शुरू कर लिया। सोशल मीडिया पर खुद को इन्फ्लुएंसर बताने वाला बाबू अक्सर वीडियो और रील बनाता था, जिनमें कई आपत्तिजनक भी पाए गए हैं।
इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। बाबू का एक वीडियो शहर के पूर्व महापौर के भतीजे के साथ वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों आपत्तिजनक बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि पहले कबीर नगर में हुई कार्रवाई में भी इस नेटवर्क का खुलासा हुआ था, जहां बाबू का चचेरा भाई पकड़ा गया था। उसी समय से पुलिस बाबू और उसके भाई की तलाश में थी।
