
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव इस बार अपने पारंपरिक सफेद कुर्ता-पायजामा और लाल टोपी वाले अंदाज में नहीं, बल्कि बिल्कुल नए लुक में नजर आए। एयरपोर्ट पर उन्हें काली जींस, सफेद टी-शर्ट और ब्लैक शूज में देखा गया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए।
अखिलेश यादव का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स उनके इस लुक की तुलना पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी से कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों को उनका अंदाज राहुल गांधी जैसा लगा।
हालांकि अखिलेश यादव पहले भी साइकिलिंग, क्रिकेट और फुटबॉल खेलते हुए स्पोर्ट्स लुक में नजर आ चुके हैं, लेकिन जींस और टी-शर्ट में उनकी यह झलक लोगों के लिए नई रही। उनके हेयरस्टाइल की भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
दरअसल, लंबे समय से अखिलेश यादव की पहचान सफेद कुर्ता-पायजामा और लाल टोपी से जुड़ी रही है। ऐसे में उनका यह कैजुअल और मॉडर्न अवतार लोगों का ध्यान खींच रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय कुछ सुरक्षाकर्मियों ने उनसे हाथ मिलाया। अखिलेश ने मुस्कुराते हुए उनका अभिवादन किया। वहीं एक युवक ने सेल्फी की मांग की तो सपा प्रमुख ने उसे भी निराश नहीं किया।
