
रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर रायपुर प्रेस क्लब में हुई खुली बहस के बाद अब भाजपा और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर सियासी वार-पलटवार शुरू हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी CM विजय शर्मा के बीच आंकड़ों को लेकर तीखी बहस हुई थी। डिबेट खत्म होने के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर निशाना साधना शुरू कर दिया।
बहस के बाद भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विजय शर्मा पर तंज कसा। उन्होंने लिखा- ‘अगली बार किसी समझदार को भेजना।’ साथ ही ‘छोटा रिचार्ज’ को रील के लिए ही ठीक बताया।



इसके जवाब में भाजपा ने पोस्टर जारी कर कांग्रेस पर हमला बोला। पोस्टर में लिखा गया- ‘हवाबाजी का हुआ बंटाधार, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ।’ भाजपा ने एक अन्य पोस्टर के जरिए भी भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए लिखा- ‘तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना।’
दरअसल, प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों को लेकर भूपेश बघेल और विजय शर्मा के बीच पहले से ही राजनीतिक बयानबाजी चल रही थी। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे की चुनौती स्वीकार करने के बाद आमने-सामने बहस का फैसला किया था। इसी के तहत रायपुर प्रेस क्लब में आज खुली डिबेट आयोजित की गई, जिसमें दोनों नेताओं ने अपने-अपने आंकड़े और दावे सामने रखे।
