
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की 7.8 प्रतिशत विकास दर पर खुशी जताते हुए देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक नई रील के जरिए लोगों से ‘स्वदेशी’ और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने की अपील की।
पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा समय में दुनिया कई संकटों से गुजर रही है। कई जगह युद्ध चल रहे हैं और सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है। इसके बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल करना बड़ी उपलब्धि है।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के अंदर कुछ लोग निराशा फैलाने और झूठ के जरिए लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद देश ने अच्छी आर्थिक रफ्तार बनाए रखी है।
सोना खरीदने और विदेश जाने पर क्या कहा?
प्रधानमंत्री ने लोगों से स्वदेशी चीजों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां जरूरी न हो, वहां सोना खरीदने से बचना चाहिए। साथ ही विदेश यात्रा को भी कम करने और विदेश में शादियां करने से बचने की बात कही।
उन्होंने कहा कि देश जितना ज्यादा स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर देगा, उतना ही मजबूत बनेगा। पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि आजादी के 100 साल पूरे होने तक भारत अपनी युवा पीढ़ी को विकसित भारत सौंपने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
पीएम मोदी ने देशवासियों से विकास की इस रफ्तार को बनाए रखने और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया के जरिए भी सीधे लोगों तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं। इंस्टाग्राम रील के माध्यम से वह युवाओं और आम लोगों से संवाद करते नजर आए हैं।
