
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिश्ते को शर्मसार करने वाली हत्या का मामला सामने आया है। बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में एक युवक ने अपनी मौसी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 45 वर्षीय तीरथराम यादव शराब के नशे में घर पहुंचा था। वहां उसकी 55 वर्षीय मौसी मोहन कुंवर बाई मौजूद थीं। मौसी ने उसे बार-बार शराब पीने, इधर-उधर घूमने और देर से घर आने को लेकर डांट लगाई।
मौसी की बात आरोपी को इतनी नागवार गुजरी कि वह गुस्से में आ गया। उसने घर में रखी लकड़ी और डंडे से मौसी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
नशे में किया हमला
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने शराब के नशे में सामान्य विवाद के बाद हत्या की। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीरथराम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
