
कोरिया: जिले के पटना में आबकारी विभाग से जुड़े एक कर्मचारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में जिला आबकारी विभाग में पदस्थ उमाशंकर कुशवाहा कथित तौर पर शराब दुकान बंद होने के बाद वहां पहुंचे और कर्मचारियों से शराब देने की मांग करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मामला पटना की अंग्रेजी शराब दुकान का है। वीडियो में कर्मचारी और दुकान के स्टाफ के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। इस दौरान गाली-गलौज और कथित तौर पर धमकाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
दुकान बंद होने के बाद पहुंचे
जानकारी के मुताबिक, शराब दुकान निर्धारित समय के बाद बंद हो चुकी थी। इसी दौरान उमाशंकर कुशवाहा वहां पहुंचे और शराब की मांग करने लगे। कर्मचारियों की ओर से दुकान बंद होने की बात कहे जाने के बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आई है।

कर्मचारी ने बनाया Video
वायरल वीडियो दुकान के कर्मचारी या संचालक की ओर से बनाए जाने की बात कही जा रही है। वीडियो में संबंधित कर्मचारी कथित तौर पर नशे की हालत में दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उनके द्वारा शराब मांगने को लेकर पहले भी कर्मचारियों से विवाद होने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
Video Viral होने के बाद उठे सवाल
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में आबकारी विभाग या संबंधित कर्मचारी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विभाग की ओर से स्पष्टीकरण या कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
