
लद्दाख के मिनीमार्ग चेक पोस्ट पर एक महिला पर्यटक का सैन्यकर्मियों से विवाद इन दिनों चर्चा में है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर महिला के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब टीवी एक्ट्रेस रुपाली गांगुली ने भी वायरल वीडियो शेयर कर इस मामले पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
बताया जा रहा है कि चेक पोस्ट पर ट्रैफिक कंट्रोल और सुरक्षा जांच के चलते पर्यटकों को करीब पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ा था। इसी दौरान महिला सैन्यकर्मियों से उलझ गई। वीडियो में वह काफी नाराज नजर आती है और मौके पर ही धरने पर बैठने की बात कहती है।
वीडियो में क्या कहती नजर आई महिला?
वायरल क्लिप में काली ट्राउजर और काले स्वेटर में दिख रही महिला मोबाइल से पूरी घटना रिकॉर्ड करती नजर आती है। वह बैरिकेड के पास खड़े होकर कहती है कि वे यहीं धरने पर बैठेंगे। इसी दौरान वह खुद को Gen Z बताते हुए कहती है कि वे इस तरह की चीजें बर्दाश्त नहीं करेंगे।
महिला वहां मौजूद दूसरे पर्यटकों से भी उसके साथ धरने पर बैठने की अपील करती है। वह कहती है कि सभी लोग गाड़ी निकालें और देखती है कि उन्हें कैसे रोका जाता है। महिला सवाल करती है कि वे पैसे देकर घूमने आते हैं या फिर ऐसी स्थिति को सहने के लिए।
कश्मीरियों का जिक्र, जवान से भी हुई बहस
महिला वीडियो में चेक पोस्ट पर ताला लगाए जाने की बात कहती है। वह आरोप लगाती है कि कश्मीरियों के साथ तो ऐसा किया ही जाता था, अब बाहर से आने वाले पर्यटकों के साथ भी ऐसा किया जा रहा है। वह यह भी कहती है कि जवाबदेही के लिए वहां कोई नहीं है।
इस दौरान एक सैन्यकर्मी उसे वहां से हटने के लिए कहता है। महिला जाने से इनकार करते हुए कहती है कि वे जमीन पर बैठ जाएंगे, लेकिन वहां से नहीं हटेंगे। वह यह भी कहती है कि वे Gen Z हैं और काफी टैक्स भरते हैं। महिला के मुताबिक, उनके टैक्स से ही सभी की सैलरी जाती है। इसके बाद वह कहती है कि यह मामला संसद तक जाएगा।
रुपाली गांगुली ने किया तीखा कमेंट
वीडियो सामने आने के बाद ‘अनुपमा’ फेम रुपाली गांगुली ने इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने महिला के रवैये पर नाराजगी जताते हुए लिखा, ‘हम इस बकवास को बर्दाश्त नहीं करेंगे। मुझे लगता है कि टूर पर जाने से पहले तुम्हें वापस स्कूल जाने की जरूरत है, बकवास!’
रुपाली की पोस्ट पर भी लोगों ने प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा कि शायद उसने स्कूल में किताबों से नहीं, Instagram से पढ़ाई की है। दूसरे ने Gen Z वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि उसे देखकर लगता है जैसे वह सीधे ‘जुमांजी’ से आई है।
एक अन्य यूजर ने रुपाली का समर्थन करते हुए कहा कि सीमाओं की सुरक्षा करने वाले सैनिकों के साथ सम्मान से पेश आना चाहिए और उनके साथ इस तरह बहस करना शर्मनाक है।
इस पूरे मामले पर राजनेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उमर अब्दुल्ला ने भी वायरल घटना को लेकर तंज कसा है।
