
Bhilai Women Chemical Attack: दुर्ग / भिलाई।सावन सोमवार को कांवड़ यात्रा में शामिल होकर शिव मंदिर जा रही मीना निषाद (35) पर रास्ते में केमिकल फेंकने का मामला सामने आया है। घटना नंदिनी नगर थाना क्षेत्र की है। हमले में मीना का चेहरा झुलस गया, वहीं उनके साथ मौजूद दो बच्चे भी केमिकल की चपेट में आ गए। पुलिस ने आरोपी महेश दास बैरागी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की जांच के मुताबिक, मीना और महेश एक-दूसरे से पहले से परिचित हैं। दोनों भिलाई के करंजा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। दोनों ने कुछ समय तक एक ही कंपनी में काम किया था। इसके बाद मीना ने नौकरी छोड़ दी और करीब छह महीने से घर पर थीं।
कांवड़ यात्रा के दौरान हुई वारदात
सोमवार को मीना दुर्ग से धमधा की ओर शिव मंदिर में जल चढ़ाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान आरोपी ने उन पर बैटरी में इस्तेमाल होने वाला केमिकल फेंक दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
केमिकल की चपेट में आने से महिला और दोनों बच्चे घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तीनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था।
बातचीत बंद होने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस की शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि पिछले कुछ समय से मीना आरोपी से बात नहीं कर रही थीं। इसी बात को लेकर महेश नाराज था। दोनों के बीच पहले से विवाद होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।
हालांकि, सिर्फ बातचीत बंद होने की वजह से हमला किया गया या इसके पीछे कोई दूसरा विवाद भी था, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस इसी बिंदु पर आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
घटना की सूचना मिलने के बाद नंदिनी नगर पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपी की पहचान होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब घटना में इस्तेमाल किए गए केमिकल, वारदात की परिस्थितियों और आरोपी की मंशा से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि केमिकल आरोपी ने कहां से हासिल किया और हमला पहले से तय था या अचानक विवाद के बाद किया गया।
