
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को छत्तीसगढ़ में शराब की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। राज्य सरकार ने इस दिन को शुष्क दिवस घोषित किया है। इसके तहत देशी, विदेशी और कंपोजिट शराब दुकानों के साथ शराब भंडारण केंद्र और पर्यटन बार भी बंद रहेंगे।
आबकारी विभाग ने सभी जिलों के कलेक्टरों को आदेश का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। शुष्क दिवस के दौरान किसी भी अधिकृत दुकान या संबंधित प्रतिष्ठान से शराब की बिक्री नहीं की जा सकेगी।
इन जगहों पर भी रहेगी रोक
15 अगस्त को देशी-विदेशी शराब दुकानों के अलावा कंपोजिट मदिरा दुकानें, मदिरा भंडारण भंडारागार और एफएल-3 (ग) पर्यटन बार भी संचालित नहीं होंगे। इनसे जुड़े अहातों में भी शराब की बिक्री पर रोक रहेगी।
अवैध शराब पर आबकारी विभाग की नजर
शराब दुकानें बंद रहने के दौरान अवैध बिक्री, भंडारण और परिवहन रोकने के लिए आबकारी विभाग ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जांच करने और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
