
Sarguja Khamariya Girls Hostel: सरगुजा। जिले के उदयपुर ब्लॉक से लगे खमरिया के बालिका छात्रावास में रहने वाली छात्राओं ने सुरक्षा गार्ड के व्यवहार को लेकर शिकायत की है। छात्राओं का आरोप है कि गार्ड उनसे अपनी वर्दी धुलवाने के अलावा रात में मालिश भी करवाती है। उनकी बात नहीं मानने पर कमरे में बंद करने और बाहर निकालने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है।
मामला उस समय सामने आया जब जिला पंचायत सदस्य राधा रवि अचानक छात्रावास का निरीक्षण करने पहुंचीं। वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। उन्होंने छात्राओं से बातचीत की तो कई छात्राओं ने गार्ड के खिलाफ शिकायतें बताईं। शिकायत के दौरान छात्राएं भावुक भी हो गईं।
अधिकारियों ने शुरू कराई जांच
छात्राओं की शिकायत के बाद जिला पंचायत सदस्य ने ट्राइबल विभाग के एसी ललित शुक्ला से मामले की शिकायत की। इसके बाद विभाग ने मंडल संयोजक को जांच के निर्देश दिए। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपों की जांच की जा रही है और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मंडल संयोजक नवीन कुमार कश्यप ने बताया कि उन्हें गार्ड द्वारा छात्राओं से निजी काम करवाने की शिकायत मिली है। मामले की जांच के लिए वे स्वयं छात्रावास जाएंगे। गार्ड को वहां से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू किए जाने की बात उन्होंने कही है। विभाग दूसरे छात्रावासों की भी जांच करेगा।
छात्रावासों की व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने बालिका छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा और कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि छात्राओं से किसी कर्मचारी का निजी काम करवाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। जांच में आरोप सही मिलने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की मांग की गई है।
इससे पहले भी सरगुजा के लुण्डा क्षेत्र के मिशन स्कूल राई, रघुनाथपुर में छात्राओं ने हॉस्टल अधीक्षिका पर परेशान करने के आरोप लगाए थे। शिकायत को लेकर छात्राएं करीब 15 किलोमीटर पैदल अंबिकापुर कलेक्टर से मिलने निकल गई थीं। बाद में शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उनसे बातचीत की थी।
फिलहाल खमरिया मामले की जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों पर अंतिम स्थिति साफ होगी।
