
रायपुर। रायपुर सेंट्रल जेल में बंदियों तक गांजा, नशीली गोलियां और तंबाकू पहुंचाने की कोशिश का बड़ा खुलासा हुआ है। मुलाकात के दौरान कुछ परिजनों ने प्याज, साबुन और बिस्किट के पैकेट में प्रतिबंधित सामान छिपाकर जेल के अंदर भेजने का प्रयास किया। हालांकि, जेल प्रशासन की सख्त जांच के कारण सभी कोशिशें नाकाम रहीं।
जांच में पता चला कि प्याज को अंदर से खोखला कर उसमें गांजे की पुड़ियां रखी गई थीं। वहीं साबुन की टिकिया के अंदर नशीली गोलियां और तंबाकू छिपाए गए थे। फैक्ट्री-सील बिस्किट पैकेट खोलकर उसमें प्रतिबंधित दवाइयां रखी गईं और दोबारा इस तरह सील किया गया कि वह बिल्कुल नया दिखाई दे।
इन घटनाओं के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा और कड़ी कर दी है। अब बंदियों को रोजमर्रा का सामान बाहर से नहीं, बल्कि केवल जेल कैंटीन से ही मिलेगा। प्रशासन का कहना है कि कैंटीन में सामान बाजार से कम कीमत पर उपलब्ध कराया जाएगा ताकि परिजनों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल यह व्यवस्था अस्थायी रूप से लागू की गई है। साथ ही जेल में स्कैनिंग और जांच व्यवस्था को और आधुनिक बनाया जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी तस्करी की किसी भी कोशिश को रोका जा सके।
