
Raipur 70 Lakh Theft: रायपुर: राजधानी रायपुर के मोवा स्थित अशोका आइकन कॉलोनी में 70 लाख रुपये की बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि जिस रसोइए को महज 12 दिन पहले घर में काम पर रखा गया था, उसी पर अपने साथियों के साथ चोरी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार के बाहर जाते ही दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, कोयला कारोबारी पंकज अग्रवाल ने 14 जुलाई को बिहार निवासी महेंद्र कुमार यादव को रसोइए के तौर पर रखा था। रविवार को परिवार किसी काम से नया रायपुर गया था। घर में केवल रसोइया मौजूद था। शाम को लौटने पर मुख्य दरवाजा बंद मिला, जबकि पीछे का गेट खुला था। अंदर जाकर देखा तो बेडरूम की अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था।
51.50 लाख नकद समेत जेवर गायब
जांच में पता चला कि अलमारी से 51.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, सोने की गिन्नियां, चांदी के सिक्के, पेन ड्राइव और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी हो चुके थे। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है।
पेचकस से खोली अलमारी
एफआईआर के अनुसार, आरोपियों ने पेचकस की मदद से अलमारी का लॉक खोला और सारा कीमती सामान घर में रखे लैपटॉप बैग में भरकर फरार हो गए। पुलिस का मानना है कि वारदात पहले से प्लान की गई थी और आरोपी घर की दिनचर्या से पूरी तरह वाकिफ था।
CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद आरोपी महेंद्र यादव का मोबाइल बंद है और वह फरार बताया जा रहा है। पंडरी थाना पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी के पुराने रिकॉर्ड, बिहार स्थित पते व उसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
