

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आबकारी आरक्षक भर्ती से जुड़ी बड़ी कार्रवाई हुई है। चयनित होने के बावजूद समय पर जॉइनिंग नहीं करने वाले 29 अभ्यर्थियों की नियुक्ति रद्द कर दी गई है। इस संबंध में आबकारी आयुक्त कार्यालय ने आदेश जारी कर दिया है।
विभाग ने 23 अप्रैल 2026 को 200 चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति और पदस्थापना सूची जारी की थी। इनमें से 29 अभ्यर्थी तय समय सीमा के भीतर कार्यभार संभालने नहीं पहुंचे। इसके बाद विभाग ने उन्हें अंतिम मौका देते हुए 9 जून 2026 तक जॉइन करने की मोहलत दी थी।
आदेश में साफ कहा गया था कि तय समय तक कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर नियुक्ति स्वतः समाप्त मानी जाएगी। इसके बावजूद संबंधित अभ्यर्थी जॉइनिंग के लिए नहीं पहुंचे, जिसके बाद उनकी नियुक्ति निरस्त कर दी गई।
इन अभ्यर्थियों की पदस्थापना रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, महासमुंद, राजनांदगांव, कबीरधाम, जशपुर, सरगुजा, बलरामपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित कई जिलों के आबकारी कार्यालयों और उड़नदस्ता इकाइयों में की गई थी।
आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा ने बताया कि जॉइनिंग के लिए अभ्यर्थियों को कई नोटिस और अंतिम अवसर भी दिया गया था। इसके बाद भी वे नहीं पहुंचे, इसलिए नियमों के अनुसार उनकी नियुक्ति रद्द की गई। विभाग ने संकेत दिए हैं कि खाली हुए पदों पर नई नियुक्तियां जल्द की जाएंगी





