

बिलासपुर। बिलासपुर में एक महिला की शिकायत के बाद रियल एस्टेट कारोबारी के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया गया है। महिला का आरोप है कि कारोबारी ने भरोसे में लेकर होटल बुलाया, नशीला पदार्थ पिलाया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद अश्लील वीडियो बनाकर महीनों तक उसे धमकाता और शोषण करता रहा।
पीड़िता के अनुसार वह मुंगेली नाका क्षेत्र में सिलाई सेंटर संचालित करती है। इसी दौरान उसकी पहचान मकान मालिक और रियल एस्टेट कारोबारी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू नारंग से हुई। आरोपी ने पुराने कानूनी मामले में मदद दिलाने और हाईकोर्ट के एक वकील से मिलवाने का भरोसा दिलाकर सितंबर 2024 में उसे होटल ईस्ट पार्क बुलाया।
महिला का कहना है कि होटल में उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। होश आने पर उसे अपने साथ हुई घटना का पता चला। कुछ समय बाद आरोपी ने उसका आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर चुप रहने की धमकी दी और कहा कि विरोध करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देगा।
शिकायत में महिला ने बताया कि वीडियो वायरल करने के डर से वह लंबे समय तक आरोपी के दबाव में रही। इस दौरान आरोपी अलग-अलग जगहों पर बुलाकर उसका लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। उसने शादी का झांसा भी दिया, लेकिन बाद में दूरी बना ली और संपर्क भी खत्म कर दिया।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे दुकान खाली कराने, झूठे मादक पदार्थ के केस में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी भी दी। साथ ही खुद की बड़े अधिकारियों तक पहुंच होने का दावा कर कार्रवाई से बचने की बात कहता था। डर और बदनामी की वजह से वह सीधे पुलिस के पास नहीं गई।
आखिरकार पीड़िता ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और वरिष्ठ अधिकारियों को डाक के जरिए शिकायत भेजी। शिकायत पर कार्रवाई के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।




