

लॉक अप 2 की कंटेस्टेंट आकांक्षा चमोला ने पहली बार खुलकर बताया कि वह अभिनेता गौरव खन्ना से अलग क्यों हो रही हैं। शो में उन्होंने पहले ही खुलासा किया था कि दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं। अब उन्होंने साथी कंटेस्टेंट्स श्रेया कालरा और सूफी मोतीवाला से बातचीत में इसकी वजह भी बताई।
आकांक्षा ने कहा कि शादी के बाद उन्हें महसूस हुआ कि वह कभी मां नहीं बनना चाहतीं। शुरुआत में गौरव को इससे कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन समय के साथ उनकी सोच बदल गई और वह पिता बनना चाहते थे।
आकांक्षा ने बताया, “मैंने गौरव से पहले ही साफ कह दिया था कि मैं बच्चे नहीं चाहती। अगर वह इस वजह से मुझे छोड़ना चाहते हैं, तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है।”
उन्होंने यह भी कहा कि ज्यादातर लोग परिवार और बच्चों के लिए शादी करते हैं, इसलिए गौरव की इच्छा गलत नहीं है। लेकिन वह खुद पूरी जिंदगी चाइल्ड-फ्री रहना चाहती हैं और बच्चा गोद लेने का भी उनका कोई इरादा नहीं है।
आकांक्षा ने बताया कि बिग बॉस के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि गौरव की पिता बनने की इच्छा काफी मजबूत है। इसी वजह से उन्होंने अलग होने का फैसला लिया, ताकि दोनों अपनी-अपनी पसंद के अनुसार जिंदगी जी सकें।
गौरतलब है कि बिग बॉस के फैमिली वीक में भी गौरव ने पिता बनने की इच्छा जताई थी, जबकि आकांक्षा ने साफ कहा था कि वह मां नहीं बनना चाहतीं। हालांकि, दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है और अब भी एक-दूसरे के अच्छे दोस्त हैं।





