

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोपी पीड़ित को जबरन “बाप बोल” कहने के लिए मजबूर करते हैं और चप्पल पर थूककर उससे पिटाई करते नजर आते हैं।
वीडियो में पीड़ित युवक बार-बार हाथ जोड़कर माफी मांगता और छोड़ देने की गुहार लगाता है, लेकिन आरोपी उसकी एक नहीं सुनते और लगातार मारपीट करते रहते हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, यह घटना धमतरी जिले के ग्राम खरतुली की है। बताया जा रहा है कि दूसरे गांव के कुछ युवकों ने खरतुली के एक युवक के साथ मारपीट की और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों को पकड़ लिया, उन्हें खंभे से बांध दिया और उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर रील बनाने के नाम पर बढ़ती गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।





