

महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब आरोपी सिया गोयल के माता-पिता का बड़ा और भावुक बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी बेटी हत्या की दोषी साबित होती है, तो उसे भी सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
सिया की मां पूजा गोयल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि केतन सिर्फ उनके होने वाले दामाद नहीं, बल्कि बेटे जैसे थे। उन्होंने कहा कि अगर जांच में सिया का अपराध साबित होता है, तो उसे बिल्कुल भी नहीं बख्शा जाना चाहिए। उन्होंने भावुक होकर यहां तक कह दिया कि अगर वह दोषी है, तो उसे भी उसी किले से नीचे फेंक देना चाहिए, जहां से केतन की मौत हुई।
सिया के पिता प्रवीण गोयल ने भी पत्नी की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि केतन बेहद अच्छा और मददगार लड़का था। परिवार उसे अपना बेटा मानता था और उसकी मौत से वे गहरे सदमे में हैं।
चेतन के बारे में नहीं थी कोई जानकारी
परिवार का कहना है कि उन्हें सिया और चेतन चौधरी के रिश्ते की कोई जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक, सगाई के बाद सिया केवल केतन से बात करती थी। उन्होंने दावा किया कि चेतन कभी उनके घर नहीं आया और उन्होंने उसे पहले कभी नहीं देखा।
पूछताछ में सिया ने क्या कहा?
पुलिस पूछताछ में सिया ने कथित तौर पर कहा कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और यह बात उसने पहले ही बता दी थी। उसका आरोप है कि केतन शादी तोड़ने के लिए तैयार नहीं था। हालांकि, पुलिस अभी इन दावों की जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
पहले भी हुई थी कथित कोशिश
जांच में सामने आया है कि 14 जून को लोहगढ़ किले पर सिया ने कथित तौर पर केतन को धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह झाड़ी पकड़कर बच गया। उस समय सिया ने सांप दिखने का बहाना बनाया था। पुलिस का आरोप है कि 18 जून को उसी किले से धक्का देकर केतन की हत्या कर दी गई।
हालांकि, सिया की मां का कहना है कि ट्रेकिंग पर जाने का प्लान केतन का था और सिया को साथ चलने के लिए केतन की मां ने ही मनाया था।
कौन हैं सिया, केतन और चेतन?
जानकारी के मुताबिक, सिया की मुलाकात पिछले साल बिजनेस के दौरान चेतन चौधरी से हुई थी। बाद में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। सिया बेकरी का कारोबार करती है, जबकि चेतन ड्राई फ्रूट्स का बिजनेस करता है। वहीं, केतन अग्रवाल अपने पारिवारिक रियल एस्टेट कारोबार में डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर थे।





