

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। खल्लारी थाना क्षेत्र के झारा गांव की रहने वाली 18 वर्षीय भारती टंडन की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जिस बेटी ने 19 जून को अपना 18वां जन्मदिन मनाया था, उसकी लाश महज तीन दिन बाद गांव के पास एक नाले की रेत में दफन मिली।
परिजनों के मुताबिक, भारती हाल ही में 11वीं कक्षा पास कर 12वीं में पहुंची थी। वह तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। 19 जून की रात जन्मदिन मनाने के बाद उसी रात करीब 3 बजे घर से अचानक निकल गई। परिवार को लगा कि वह किसी काम से बाहर गई होगी, लेकिन जब काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो चिंता बढ़ गई।
परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 20 जून को खल्लारी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई, लेकिन तीन दिनों तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
22 जून को गांव के कुछ लोगों ने पास के नाले के किनारे रेत में दबा एक शव देखा। शव का कुछ हिस्सा बाहर था और वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जब रेत हटाई गई तो शव की पहचान भारती टंडन के रूप में हुई।
मौके की स्थिति देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। शव के पैरों के पंजों को जानवर नोच चुके थे। वहीं शरीर के निचले हिस्से में कपड़े नहीं थे और लेगिंग्स कुछ दूरी पर पड़ी मिली। इसी वजह से पुलिस हत्या के साथ-साथ अन्य संभावित एंगल से भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि युवती के सिर पर करीब 6 इंच लंबा और गहरा घाव था। डॉक्टरों के अनुसार, किसी धारदार हथियार से किए गए जोरदार वार के कारण उसकी खोपड़ी टूट गई थी। जांघों पर खरोंच के निशान भी मिले हैं, जिससे संघर्ष की आशंका जताई जा रही है। दुष्कर्म की संभावना को देखते हुए जरूरी नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती के संपर्क में रहने वाले चार युवकों को हिरासत में लिया है। इनमें वह युवक भी शामिल है, जिसके साथ उसके प्रेम संबंध होने की चर्चा है। पुलिस मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है।
फिलहाल पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।






