

NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: मेडिकल कॉलेज में दाखिले का सपना देखने वाले 20 लाख से ज्यादा छात्रों के लिए आज बड़ा दिन है। 3 मई को हुई परीक्षा रद्द होने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) 21 जून को दोबारा NEET UG 2026 परीक्षा आयोजित कर रही है।
इस बार परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। प्रश्नपत्रों को भारतीय वायुसेना के विमानों और हेलिकॉप्टरों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। देशभर के 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 1.38 लाख से अधिक CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है, जबकि नकल रोकने के लिए 51 हजार से ज्यादा जैमर लगाए गए हैं।
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। छात्रों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया है। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, सख्त सुरक्षा जांच और लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है।
NTA ने छात्रों को सलाह दी है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें। सुबह 11 बजे से एंट्री शुरू हो चुकी है और दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, वैध फोटो आईडी और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है।





