
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सरकारी निवास में गुरुवार देर रात करीब 5 घंटे तक हाई लेवल बैठक चली। रात 2 बजे तक चली इस मैराथन बैठक में मुख्यमंत्री, सभी कैबिनेट मंत्री और भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गईं, लेकिन नेताओं ने इन अटकलों को खारिज कर दिया।
बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह सत्ता और संगठन के बीच होने वाली नियमित समीक्षा बैठक थी। इसमें आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और मंत्री-विधायकों के दौरों की समीक्षा की गई। उन्होंने साफ किया कि मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों और आने वाले चुनावों की तैयारियों पर चर्चा हुई। नेताओं और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों को लेकर भी मंथन किया गया।
वहीं मंत्री रामविचार नेताम ने मुस्कुराते हुए कहा, “सब सेफ है, छत्तीसगढ़ सेफ है।” उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल फेरबदल से जुड़ी सभी अटकलें बेबुनियाद हैं।
मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि बैठक में प्रभार क्षेत्रों के दौरे, सरकारी योजनाओं की प्रगति और विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। हालांकि देर रात बुलाई गई इस बैठक ने राजनीतिक हलकों में कई सवाल खड़े किए, लेकिन भाजपा नेताओं का कहना है कि यह केवल संगठन और सरकार के कामकाज की नियमित समीक्षा बैठक थी।
