
रायपुर। नवा रायपुर स्थित जंगल सफारी और नंदनवन जू की सैर अब पहले से ज्यादा महंगी होने जा रही है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रवेश टिकट, सफारी राइड और अन्य सुविधाओं की नई दरें जारी की हैं। नई दरों के तहत कई श्रेणियों में टिकट कीमतों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है, जबकि कुछ मामलों में शुल्क दोगुना से भी अधिक बढ़ा है।
जू में प्रवेश के लिए 6 से 12 साल तक के बच्चों का टिकट 25 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है। वहीं 12 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को अब 100 रुपये चुकाने होंगे, जो पहले 50 रुपये था। विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है।
सफारी राइड की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। बच्चों के लिए सामान्य बस का टिकट 100 रुपये, एसी बस का 150 रुपये और इलेक्ट्रिक बस का 175 रुपये निर्धारित किया गया है। वयस्कों को क्रमशः 150, 200 और 250 रुपये देने होंगे। विदेशी पर्यटकों के लिए सफारी टिकट 750 रुपये से लेकर 1250 रुपये तक तय किया गया है।
जिप्सी सफारी का आनंद लेने के लिए अब प्रति व्यक्ति 700 रुपये और पूरी जिप्सी बुक करने पर 3500 रुपये खर्च करने होंगे। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए यह शुल्क रियायती रखा गया है। विदेशी पर्यटकों के लिए जिप्सी सफारी की दरें 1500 रुपये प्रति व्यक्ति और 7000 रुपये प्रति जिप्सी तय की गई हैं।
फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए भी अलग शुल्क देना होगा। प्रोफेशनल फोटोग्राफी के लिए एक दिन का 5000 रुपये और कमर्शियल वीडियो शूटिंग या फिल्मांकन के लिए 15,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों की अनुमति आवश्यक होगी।
हालांकि विद्यार्थियों को राहत दी गई है। कक्षा 1 से 8 तक के सरकारी स्कूलों के छात्रों को निशुल्क प्रवेश मिलेगा। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत और निजी स्कूलों के छात्रों को 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
