
अजमेर जिले में सामने आए सनसनीखेज “स्कॉर्पियो कांड” ने पूरे इलाके को हिला दिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पूर्व सरपंच राम सिंह चौधरी, उनकी मां, दूसरी पत्नी और भांजी की हत्या किसी हादसे में नहीं बल्कि एक सुनियोजित पारिवारिक साजिश के तहत की गई थी। आरोप है कि इस वारदात को पहली पत्नी ने अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद चारों शवों को स्कॉर्पियो में रखकर आग लगा दी गई, ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे। बाद में चौथा शव कार से कुछ दूरी पर खेत में मिला, जिससे पूरे मामले पर शक गहराया।
घटना अजमेर के अराई क्षेत्र की है। गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक ट्रक चालक ने सड़क किनारे जलती हुई स्कॉर्पियो देखी। उसने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने पानी के टैंकर से आग बुझाई, लेकिन तब तक तीन शव गाड़ी के अंदर बुरी तरह जल चुके थे, जबकि एक शव खेत में पड़ा मिला।
मृतकों की पहचान पूर्व सरपंच राम सिंह चौधरी (45), उनकी मां पूसी देवी, दूसरी पत्नी सूर्यज्ञान देवी और भांजी महिमा चौधरी के रूप में हुई है। शुरुआत में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर मामला हत्या का निकला।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना स्थल से करीब 500 मीटर दूर स्थित घर में खून के निशान, साफ किया गया फर्श और दो खून लगे ईंटें मिली हैं। साथ ही डीजल के सबूत भी बरामद हुए हैं। इससे यह शक और मजबूत हुआ कि हत्या घर के अंदर ही की गई थी।
गांव वालों के मुताबिक परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। राम सिंह चौधरी पर शराब पीकर पहली पत्नी के साथ मारपीट करने के आरोप भी लगाए गए हैं। बुधवार रात भी घर से झगड़े और चीखने की आवाजें सुनाई दी थीं।
पुलिस को यह भी संदेह है कि झगड़े के बाद चारों की हत्या की गई और शवों को स्कॉर्पियो में डालकर सुनसान जगह ले जाकर आग के हवाले कर दिया गया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
जांच में यह भी सामने आया कि गाड़ी जिस दिशा में मिली, वह अस्पताल जाने वाले रास्ते से बिल्कुल उल्टी दिशा थी, जिससे पहली पत्नी के बयान पर और शक गहरा गया।
फिलहाल पुलिस ने पहली पत्नी सुनीता, उसकी बेटी सरिता और 17 वर्षीय बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शुरुआती रिपोर्ट में गला काटने जैसे निशान मिलने की भी बात सामने आई है।
अजमेर का यह मामला अब पूरी तरह से पारिवारिक रंजिश और हत्या की साजिश के एंगल से जांच में है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है।
