
बिलासपुर में सोशल मीडिया रील बनाने का खतरनाक जुनून एक बार फिर सामने आया है। हाईकोर्ट की सख्ती के बावजूद नेशनल हाईवे पर युवती ने खुलेआम ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा दीं। युवती ने बीच सड़क पर बीयर उड़ाकर जन्मदिन मनाया और फिर चलती कार की छत पर चढ़कर डांस करती नजर आई। इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है।
जानकारी के मुताबिक 27 मई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में CG 10 CD 1416 नंबर की कार सड़क पर चलती दिखाई दे रही है। कार के सामने युवती सड़क के बीचों-बीच रील बनाते हुए बीयर की बोतल खोलकर जश्न मनाती दिख रही है। इतना ही नहीं, उसने बोतल का स्प्रे हवा में उड़ाकर स्टंट भी किया।

वायरल वीडियो सकरी क्षेत्र के नेशनल हाईवे का बताया जा रहा है। रील बनाने के दौरान युवती चलती कार की छत पर भी खड़ी हो गई और पोज देने लगी। रात के समय हाईवे पर इस तरह का स्टंट किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा माना जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने गाड़ी नंबर के आधार पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मंगला शुभम विहार ओम जोन निवासी प्रतीक लूथर पिता संजय लूथर (36 वर्ष) को पकड़ा। उसके पास से बीएमडब्ल्यू कार CG 10 CA 3999 जब्त कर ट्रैफिक नियम तोड़ने पर वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं कोनी पुलिस ने वायरल फुटेज के आधार पर CG 10 CO 1416 के चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और 184 के तहत मामला दर्ज किया है।
एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। वीडियो सकरी नेशनल हाईवे का लग रहा है। रील बनाने वाली युवती की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
