
डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार्यक्रम के बीच सरपंच पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस घटना में सरपंच मानिकलाल वर्मा के हाथ में चोट आई है।
मिली जानकारी के अनुसार शिविर में मंच से भाषण चल रहा था। इसी दौरान पलांदूर निवासी जितेंद्र यादव (36) अचानक मंच के पास पहुंचा और चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद वहां मौजूद ग्रामीणों और लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद शिविर स्थल पर कुछ देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही। बताया जा रहा है कि प्रदेशभर में चल रहे सुशासन तिहार 2026 के तहत गांव-गांव समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां प्रशासन ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहा है।
बता दें कि डोंगरगढ़ क्षेत्र में सुशासन तिहार के दौरान विवाद का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले पट्टे की मांग को लेकर लोगों ने अधिकारियों का घेराव कर दिया था, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था।
