
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में जनगणना कार्य के दौरान एक शिक्षक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना बिल्हा ब्लॉक के ग्राम घोघरा की है, जहां ड्यूटी पर पहुंचे शिक्षक को न सिर्फ पीटा गया बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उड़नताल में पदस्थ शिक्षक नेतराम पैकरा शनिवार सुबह करीब 10 बजे जनगणना कार्य के सिलसिले में गांव पहुंचे थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला निर्मल सतनामी वहां आया और शिक्षक से सवाल-जवाब करते हुए अचानक गाली-गलौज और मारपीट करने लगा।
बताया जा रहा है कि शिक्षक ने अपना शासकीय पहचान पत्र भी दिखाया, लेकिन आरोपी ने उसे नकली बताकर फिर से हमला कर दिया। किसी तरह वहां से बचकर शिक्षक पंचायत भवन पहुंचा और सरपंच को पूरी घटना बताई, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और दुबारा मारपीट कर शिक्षक की शर्ट और आईडी कार्ड फाड़ दिया।
गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद जब शिक्षक दगौरी की ओर निकला, तो आरोपी ने उसका पीछा भी किया। इस घटना के बाद शिक्षक काफी डरा हुआ है और उसने प्रशासन व शिक्षा विभाग को जानकारी दी।
शिकायत के आधार पर बिल्हा थाने में आरोपी निर्मल सतनामी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है
