
रायपुर। पद्मविभूषण से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय पंडवानी गायिका तीजनबाई के निधन की खबर पूरी तरह झूठी निकली है। रविवार को सोशल मीडिया पर उनके निधन की अफवाह तेजी से फैल गई, जिससे लोगों में भ्रम और चिंता की स्थिति बन गई।
कुछ ही समय में फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तीजनबाई को लेकर श्रद्धांजलि संदेश भी वायरल होने लगे। बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के इन पोस्ट्स को कई लोगों ने आगे भी शेयर कर दिया, जिससे अफवाह और तेजी से फैल गई।
इस भ्रामक खबर के कारण उनके गांव सहित देश-विदेश में मौजूद प्रशंसक परेशान हो गए और लोग लगातार सच्चाई जानने के लिए संपर्क करते रहे।
बाद में परिजनों और उनके करीबी सहयोगियों ने सामने आकर स्पष्ट किया कि यह खबर पूरी तरह गलत है। उन्होंने बताया कि तीजनबाई पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने घर पर सुरक्षित हैं।
परिजनों ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही इन्हें आगे साझा करें, क्योंकि इससे अनावश्यक डर और भ्रम फैलता है।
