
रायपुर। राजधानी रायपुर में आज रात खेल प्रेमियों के लिए बड़ा इवेंट होने जा रहा है। अंबुजा मॉल में “फाइट नाइट दंगल” का आयोजन किया जा रहा है, जहां मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बॉक्सर्स रिंग में जोरदार मुकाबला करेंगे। यह मुकाबला रात 8:30 बजे से शुरू होगा।
इस प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस इवेंट में इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा भी शामिल होने के लिए रायपुर पहुंच रहे हैं।
इस फाइट नाइट को आने वाले Los Angeles 2028 Olympics की तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है। यहां जीतने वाले खिलाड़ियों को बड़े मंच तक पहुंचने का मौका मिल सकता है।
इवेंट को सफल और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए 22 से 25 अप्रैल तक रायपुर में रेफरी और जजों का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि मुकाबले निष्पक्ष और प्रोफेशनल तरीके से कराए जा सकें।
मुकाबले में अलग-अलग वेट कैटेगरी के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। छत्तीसगढ़ की टीम में 5 पुरुष और 3 महिला बॉक्सर्स शामिल हैं, जो अपने हुनर का दम दिखाएंगे।
विजेता खिलाड़ियों को नकद इनाम और अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai द्वारा किया जा चुका है।
