बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। अभिलाषा परिसर की EWS बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से एक युवक और युवती अचानक नीचे गिर गए। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने युवती को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। मृत युवक की पहचान चिरंजीव उर्फ चिंटू पांडेय (23) के रूप में हुई है, जो फाइनेंस कंपनी में काम करने के साथ डिलीवरी का काम भी करता था। घायल युवती का नाम गरिमा सिंह (22) बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों को पहले भी कई बार छत पर देखा गया था। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या कोई और वजह है। आसपास लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
इस घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
