मनेन्द्रगढ़। भरतपुर जनपद के च्यूल गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक सुनसान घर में नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। बताया जा रहा है कि एक महिला ने वहीं बच्चे को जन्म दिया और उसे छोड़कर फरार हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और इंसानियत दिखाते हुए नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। उप स्वास्थ्य केंद्र की टीम और स्वास्थ्य कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में भर्ती कराया, जहां उसका प्राथमिक इलाज किया गया। फिलहाल बच्ची स्वस्थ बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में है। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ रेफर किया गया।
ग्रामीणों ने इस घटना पर दुख जताया है और प्रशासन से मांग की है कि आरोपी महिला की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
