सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में ऑनलाइन ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने मैट्रिमोनी ऐप ‘जीवन साथी’ के जरिए महिला से दोस्ती की, शादी का भरोसा दिलाया और फिर लाखों रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 9 मार्च को सक्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि कानपुर के गंगापुर कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय युवक अंकित तिवारी ने ‘जीवन साथी’ ऐप पर उससे संपर्क किया। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का प्रस्ताव देकर महिला का भरोसा जीत लिया।
आरोपी ने वीडियो कॉल के जरिए महिला से बातचीत की और उसी दौरान उसकी रिकॉर्डिंग भी कर ली। इसके बाद उसने अलग-अलग बहाने बनाकर—कभी नौकरी जाने का डर दिखाकर, तो कभी बीमारी का हवाला देकर—महिला से करीब 8 से 9 लाख रुपये ले लिए।
इतना ही नहीं, जब महिला ने और पैसे देने से मना किया, तो आरोपी ने वीडियो और स्क्रीनशॉट वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस में शिकायत की।
शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और टीम को कानपुर भेजा। वहां से आरोपी अंकित तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
