रायपुर में नशे के कारोबार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तस्करी का तरीका भी बेहद हाईटेक निकला। आरोपी कोरियर के जरिए बीपी मशीन के अंदर कोकीन छुपाकर दूसरे राज्यों से मंगवाता था और शहर में बेचता था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवेन्द्रनगर इलाके में एक व्यक्ति कार में नशीला पदार्थ लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम गोपाल कृष्ण अग्रवाल, निवासी शंकर नगर, रायपुर बताया। जब उसकी कार की तलाशी ली गई तो उसमें एक कोरियर पैकेट मिला।
पैकेट खोलने पर अंदर बीपी मशीन निकली, लेकिन जब उसे चेक किया गया तो उसके अंदर कोकीन छुपाकर रखी गई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से 4.55 ग्राम कोकीन (कीमत करीब 2.27 लाख रुपए), एक ग्रैंड विटारा कार, आईफोन समेत कुल करीब 20 लाख से ज्यादा का सामान जब्त किया।
इस मामले में पुलिस ने नारकोटिक एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं और कोरियर के जरिए यह सप्लाई कहां-कहां तक हो रही थी।
पुलिस अब पूरे रैकेट की जड़ तक पहुंचने के लिए आगे की जांच कर रही है और कोरियर कंपनी की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
