Balodabazar Tehsil Office Fire: बलौदाबाजार। शहर के तहसील कार्यालय में शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग तहसील परिसर में स्थित डीएसपी कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग से शुरू हुई और धीरे-धीरे तहसीलदार कार्यालय की तरफ बढ़ने लगी।
आग की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। सबसे पहले अधिकारियों ने तहसील कार्यालय में रखे जरूरी रिकॉर्ड और दस्तावेजों को सुरक्षित बाहर निकलवाया, ताकि किसी तरह का नुकसान न हो।
आग को बुझाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके अलावा आसपास के सीमेंट प्लांट से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे शहर की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक तहसील भवन में आग लगी थी। इस घटना में तहसीलदार कार्यालय और आसपास के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा है।
मौके पर मौजूद एसडीएम प्रकाश कोरी ने बताया कि रिकॉर्ड रूम पूरी तरह सुरक्षित है और सभी जरूरी दस्तावेज समय रहते बाहर निकाल लिए गए हैं। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
