ऑस्कर विजेता सिंगर और म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान (AR Rahman) एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने विक्की कौशल स्टारर फिल्म ‘छावा’ (Chhaava) को बांटने वाली फिल्म करार दिया था। दिलचस्प बात यह है कि इसी फिल्म के लिए एआर रहमान ने म्यूजिक और बैकग्राउंड स्कोर तैयार किया था। अब करीब एक साल बाद उनके इस बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।
इतना ही नहीं, एआर रहमान ने इंटरव्यू में यह भी कहा था कि कम्युनल कारणों की वजह से उन्हें इंडस्ट्री में पहले के मुकाबले कम काम मिल रहा है। इसी बयान पर अब बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
AR Rahman के बयान पर कंगना का तीखा हमला
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एआर रहमान की एक क्लिप शेयर की, जिसमें वह फिल्म ‘छावा’ को बांटने वाली बता रहे हैं। इसके साथ एक्ट्रेस ने लंबा पोस्ट लिखते हुए कहा,
“डियर एआर रहमान जी, मुझे इंडस्ट्री में काफी पूर्वाग्रह और पक्षपात का सामना करना पड़ता है क्योंकि मैं एक भगवा पार्टी (BJP) का समर्थन करती हूं। इसके बावजूद मुझे कहना होगा कि मैंने आपसे ज्यादा पक्षपाती और नफरत से भरा इंसान नहीं देखा।”

‘इमरजेंसी’ के लिए AR Rahman ने किया था इनकार
कंगना रनौत ने अपनी डायरेक्टोरियल फिल्म ‘इमरजेंसी’ (Emergency) का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने एआर रहमान से फिल्म के लिए म्यूजिक और नैरेशन का अनुरोध किया था, लेकिन सिंगर ने साफ इनकार कर दिया।
कंगना ने लिखा,
“मैं चाहती थी कि आप मेरी फिल्म इमरजेंसी को नरेट करें, लेकिन आपने मुझसे मिलने तक से मना कर दिया। मुझे बताया गया कि आप किसी तथाकथित ‘प्रोपेगेंडा फिल्म’ का हिस्सा नहीं बनना चाहते।”
‘नफरत में अंधे हो गए हैं’
कंगना ने आगे कहा कि फिल्म ‘इमरजेंसी’ को न सिर्फ क्रिटिक्स ने सराहा, बल्कि विपक्षी दलों के नेताओं तक ने इसे बैलेंस्ड और संवेदनशील फिल्म बताया।
उन्होंने लिखा,
“मजे की बात यह है कि इमरजेंसी को कई लोगों ने मास्टरपीस कहा, यहां तक कि अपोजिशन नेताओं ने भी मुझे फैन लेटर भेजे। इसके बावजूद आप अपनी नफरत में अंधे हो गए हैं। मुझे आप पर तरस आता है।”
