असम के दिग्गज गायक जुबीन गर्ग के निधन ने पूरे देश को हिला दिया है। 19 सितंबर को दुनिया को अलविदा कह चुके जुबीन की मौत को लेकर अब उनकी पत्नी गरिमा सैकिया ने कई चौंकाने वाले सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सीधे-सीधे गायक के प्रबंधक सिद्धार्थ शर्मा की भूमिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
गरिमा सैकिया ने उठाए सवाल
गरिमा का कहना है कि जुबीन हाल ही में किए गए दौरों से बेहद थक चुके थे। इसके बावजूद उन्हें अप्रत्याशित रूप से पिकनिक और तैराकी पर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि जुबीन से आखिरी बातचीत में पिकनिक का कोई जिक्र नहीं हुआ था।
“पानी में पड़ा दौरा, लेकिन क्यों नहीं रखा ध्यान?”
गरिमा ने एक इंटरव्यू में कहा –
“जब प्रबंधक उनके साथ मौजूद थे, तो उन्होंने जुबीन का ध्यान क्यों नहीं रखा? 18 सितंबर को जब मेरी उनसे बातचीत हुई, तब वो सामान्य थे और दिन में आराम कर रहे थे। मुझे शक है कि उन्हें जबरदस्ती पिकनिक पर ले जाया गया होगा। यहां तक कि मुझे यह भी नहीं पता कि उस दिन उन्हें दवाइयां दी गई थीं या नहीं।”
उन्होंने आगे बताया कि प्रबंधक ने कहा था कि जुबीन को पानी में तैरते वक्त दौरा पड़ा, जबकि उन्हें पहले कभी दिल से जुड़ी कोई गंभीर समस्या नहीं रही थी।
“हमें सच जानना है” – गरिमा
गरिमा ने साफ कहा कि –
“जुबीन को दिल का दौरा पड़ा था, लेकिन वो एक मिनट में ठीक हो गए थे। ऐसे में उनकी मौत के पीछे की असली वजह जानना जरूरी है। हमें न्याय व्यवस्था पर भरोसा है और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी इस मामले पर गंभीरता से नजर बनाए हुए हैं।”
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या आया?
इस बीच सिंगापुर पुलिस बल (SPF) ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार, गायक की मौत तैराकी के दौरान पानी में डूबने से हुई थी।
